सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के दोनों नगरीय क्षेत्रों में ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ शिविर का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय में शिविर आनंदम दीदी कैफे में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे और आमजन की समस्याएं सुनीं।

साथ ही नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाया गया तथा मौके पर ही निराकरण योग्य समस्याओं का समाधान किया गया। इस अवसर पर डिंडौरी एसडीएम श्री रामबाबू देवांगन, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, रेडक्रॉस समिति अध्यक्ष श्री नरेंद्र राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। सेवा सेतु शिविर का उद्देश्य विभिन्न विभागों की सेवाओं और योजनाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराकर आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है। उन्होंने कहा कि जिन आवेदनों का निराकरण मौके पर संभव है, उन्हें तत्काल निराकृत किया जाए। उन्होंने आगामी त्यौहारों को देखते हुए नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मूल उद्देश्य जनसेवा के प्रति संकल्पित होकर कार्य करना है। जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी आमजन तथा शासन के बीच सेतु की भूमिका निभाएं, ताकि नागरिकों की समस्याओं का समाधान सुगमता और शीघ्रता से हो सके। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से निराकरण किया जाए तथा जो समस्याएं मौके पर निराकृत नहीं हो सकीं, उनका भी शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शिविर खुले संवाद का माध्यम बन रहे हैं और इनके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

सेवा सेतु शिविरों में 2,550 आवेदन प्राप्त, 2321 का त्वरित निराकरण

सेवा संकल्प अभियान के तहत 3 एवं 4 अक्टूबर को आयोजित ’‘सेवा सेतु अभियानकृसरकार आपके द्वार’’’ शिविरों में आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण की पहल की गई। 3 अक्टूबर को जिले के सभी विकासखंडों में आयोजित शिविरों में करीब ’’2,400 आवेदन प्राप्त हुए’’, जिनमें से लगभग 2321 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण’’ किया गया।

कलेक्टर ’’श्रीमती अंजू पवन भदौरिया’’ ने शेष आवेदनों का संबंधित विभागों के माध्यम से ’’समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 4 अक्टूबर 2026 को नगरीय क्षेत्रों में आयोजित शिविरों में करीब 150 आवेदन’’ प्राप्त हुए। शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने आमजन की समस्याएं सुनीं तथा पात्र नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया।

शिविर में हितग्राहियों को मौके पर मिला विभिन्न योजनाओं का लाभ

सेवा सेतु अभियान के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। जल प्रदाय योजना के तहत 7 हितग्राहियों को नल कनेक्शन, राजस्व विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों के नामांतरण तथा 5 हितग्राहियों को प्रॉपर्टी आईडी का लाभ दिया गया। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत 5 हितग्राहियों को 15-15 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई। इसी प्रकार 5 हितग्राहियों को संबल कार्ड, 5 हितग्राहियों को लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण-पत्र तथा बी.एल.सी. (लाभार्थी आधारित आवास निर्माण) योजना के तहत 10 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।

करंजिया में सेवा सेतु शिविर में 573 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण

सेवा संकल्प अभियान के तहत संचालित ‘सेवा सेतु अभियानकृसरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत 3 अक्टूबर 2026 को विकासखंड करंजिया के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 573 लोगों का पंजीयन कर स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इनमें 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 217 पुरुष एवं 190 महिलाएं शामिल रहीं। इसके अतिरिक्त 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 21, 5 से 18 वर्ष के 34 तथा 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के 111 लोगों का पंजीयन किया गया।

शिविर में 407 लोगों की ब्लड प्रेशर एवं ब्लड शुगर जांच, 117 लोगों की एनीमिया तथा 50 लोगों की सिकल सेल जांच की गई। गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच के साथ आवश्यक विटामिन एवं अन्य स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। इसके अलावा 120 लोगों की विभिन्न जांच तथा 135 लोगों की खखार एवं एक्स-रे जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 10 फूड बास्केट का वितरण भी किया गया।

आंखों की जांच के बाद 109 हितग्राहियों को मिले चश्मे

शिविर में 117 लोगों की आंखों की जांच की गई, जिनमें आवश्यकतानुसार 109 हितग्राहियों को चश्मे वितरित किए गए। पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड योजना का लाभ दिलाने के साथ स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। शिविर के दौरान 3 संस्थागत प्रसव दर्ज किए गए। वहीं जन्मजात विकृति/दिव्यांगता से संबंधित 3 प्रकरण सामने आए, जिन्हें आवश्यक उपचार के लिए रेफर किया गया। सेवा सेतु शिविर के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं आवश्यक सेवाओं का लाभ मिला।