आत्मनिर्भर बनने की दिशा में शासन की योजनाएं छोटे व्यवसायियों के लिए नई उम्मीद और अवसर लेकर आ रही हैं। डिंडौरी निवासी श्री तीरथ सिंह डोंगरे भी मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना का लाभ लेकर अपने व्यवसाय को विस्तार देने में सफल हुए हैं। पहले सीमित संसाधनों के कारण वे अपनी दुकान का अपेक्षित विस्तार नहीं कर पा रहे थे, लेकिन योजना से मिली आर्थिक सहायता ने उनके कारोबार को नई दिशा दी।

श्री तीरथ सिंह ने व्यवसाय के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना का लाभ लिया। योजना के अंतर्गत उन्हें 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। इस राशि से उन्होंने दुकान का विस्तार करने के साथ आवश्यक सामग्री की व्यवस्था की। व्यवसाय का दायरा बढ़ने के साथ उनकी आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई। पहले जहां उन्हें प्रतिमाह लगभग 15 से 20 हजार रुपये की आमदनी होती थी, वहीं अब उनकी मासिक आमदनी बढ़कर करीब 20 से 35 हजार रुपये हो गई है।

सरकार की मदद से बढ़ा आत्मविश्वास

श्री तीरथ सिंह डोंगरे बताते हैं, “पहले संसाधन सीमित होने के कारण मैं अपनी दुकान का विस्तार नहीं कर पा रहा था। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना से मिली आर्थिक सहायता से मैंने दुकान का विस्तार किया और आवश्यक सामग्री जुटाई। इससे मेरा कारोबार बढ़ा और आमदनी में भी अच्छी वृद्धि हुई। अब मुझे अपने व्यवसाय को और आगे बढ़ाने का विश्वास मिला है।

श्री तीरथ सिंह ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की स्वरोजगार योजनाएं छोटे व्यवसायियों को आगे बढ़ने का अवसर दे रही हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता के साथ मिला आत्मविश्वास उन्हें अपने व्यवसाय को और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित कर रहा है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना उनके लिए आर्थिक संबल के साथ आत्मनिर्भरता की नई राह बनी है।