जिले में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार” के तहत रविवार को नगरीय क्षेत्रों में शिविरों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में नगर पालिका झाबुआ अंतर्गत उत्कृष्ट विद्यालय मैदान में आयोजित शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने सहभागिता कर हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितलाभ वितरित किए।
महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि “सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार” के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में अधिकारियों-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की सहभागिता हो रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न जनसेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशानुसार शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचना चाहिए। इसी उद्देश्य से सेवा सेतु शिविरों में नागरिकों से आवेदन प्राप्त कर पात्रतानुसार उनका त्वरित निराकरण करते हुए मौके पर ही हितलाभ प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं आयुष्मान भारत योजना सहित शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 03 अक्टूबर को जिले के सभी 6 विकासखंडों के ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित सेवा सेतु शिविरों में 23 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें लगभग 1500 आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया। शेष आवेदनों का भी प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने बताया कि 04 अक्टूबर को नगरीय क्षेत्रों में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। झाबुआ में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों के 18 स्टॉल लगाए गए हैं, जहां नागरिकों से आवेदन प्राप्त करने के साथ ही पात्रता के अनुसार शासन की योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से शिविर में अपनी समस्याओं एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करने तथा उपलब्ध स्वास्थ्य जांच सुविधाओं का भी लाभ लेने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष श्री भानु भूरिया ने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य शासन और नागरिकों के बीच सेवा का सेतु बनाकर वंचित एवं पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की मंशानुसार शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रत्येक पात्र व्यक्ति को लाभान्वित करने की दिशा में यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कविता सिंगार ने नागरिकों से सेवा सेतु शिविर का अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह करते हुए कहा कि पात्र नागरिक अपनी समस्याओं एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन शिविर में प्रस्तुत करें, ताकि उनका नियमानुसार निराकरण कर हितलाभ प्रदान किया जा सके।
विभागीय स्टॉलों का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। स्टॉलों पर नागरिकों के आवेदन प्राप्त करने, पंजीयन, पात्रता परीक्षण एवं योजनाओं के त्वरित हितलाभ उपलब्ध कराने की व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।
हितग्राहियों को किया हितलाभ वितरण
शिविर में अतिथियों द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, राजस्व विभाग अंतर्गत खाता-खसरा नकल, खाद्यान्न पर्ची, आयुष्मान कार्ड, जननी सुरक्षा योजना एवं मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना सहित विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान किए गए।
इस दौरान जनप्रतिनिधिगण, पार्षदगण, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री सी एस सोलंकी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ श्री महेश कुमार मंडलोई, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री मिलन पटेल एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहें।




