महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के प्रयासों से झाबुआ जिले के शासकीय महाविद्यालय पेटलावद एवं शासकीय महाविद्यालय थांदला में विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण स्वीकृतियां प्राप्त हुई हैं। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में दोनों महाविद्यालयों के विभिन्न निर्माण, विस्तार एवं मरम्मत कार्यों के लिए कुल 833.46 लाख रुपये (8 करोड़ 33 लाख 46 हजार रुपये) की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
शासकीय महाविद्यालय पेटलावद में 3 करोड़ 87 लाख 59 हजार रुपये के कार्य स्वीकृत
शासकीय महाविद्यालय पेटलावद में विद्यार्थियों के लिए खेल एवं शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार हेतु खेल मैदान एवं एप्रोच रोड के निर्माण के लिए 59.82 लाख रुपये तथा लायब्रेरी निर्माण के लिए 327.77 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस प्रकार महाविद्यालय में कुल 387.59 लाख रुपये के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं।
शासकीय महाविद्यालय थांदला में 4 करोड़ 45 लाख 87 हजार रुपये के कार्यों को स्वीकृति
इसी प्रकार शासकीय महाविद्यालय थांदला में अधोसंरचना विस्तार के तहत 4 क्लास रूम्स, विभागाध्यक्ष कक्ष एवं पोर्च निर्माण के लिए 333.75 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। साथ ही महाविद्यालय के कन्या छात्रावास में रेनोवेशन एवं रिपेयरिंग, आंतरिक एवं बाह्य जल प्रदाय, आंतरिक विद्युतीकरण तथा परिसर में बाउंड्रीवॉल, सबवेल, ट्यूबवेल, मोटर पंप आदि कार्यों के लिए 112.12 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस प्रकार थांदला में कुल 445.87 लाख रुपये के कार्य किए जाएंगे।
महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने इन स्वीकृतियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि महाविद्यालयों में आवश्यक अधोसंरचना और सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। विशेष रूप से कन्या छात्रावास में आवश्यक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से छात्राओं को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।


