जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 47 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर डॉ. भरसट ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन की वास्तविक स्थिति का परीक्षण कर पात्रतानुसार गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में ग्राम पंचायत धमोई के ग्रामवासियों ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि ग्राम धमोई छोटी एवं धमोई बड़ी के मध्य स्थित पहाड़ी भूमि का उपयोग ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से गाय एवं अन्य पशुओं को चराने के लिए किया जाता रहा है। ग्रामवासियों ने उक्त भूमि के आवंटन के संबंध में आपत्ति दर्ज कराते हुए इसे अतिक्रमण से मुक्त कराए जाने की मांग की। इस पर कलेक्टर डॉ. भरसट ने संबंधित एसडीएम को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

ग्राम जूनापानी के महुड़ाखो फलिया, मचार फलिया एवं सूली फलिया के निवासियों ने बताया कि ग्राम जूनापानी से तीनों फलियों तक जाने वाला लगभग 7 किलोमीटर लंबा मार्ग कच्चा है। इसमें लगभग डेढ़ किलोमीटर हिस्से में बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण ग्रामीणों, स्कूली बच्चों एवं एम्बुलेंस सहित अन्य वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है। ग्रामवासियों ने मार्ग का डामरीकरण कराए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने संबंधित विभाग को प्रकरण का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

ग्राम खेड़ा तहसील झाबुआ निवासी श्री शंकर पिता लाला मेड़ा एवं अन्य ग्रामवासियों ने ग्राम पंचायत खेड़ा के मेलिया से मोजाल होते हुए मुण्डत मंदिर तक लगभग 6 किलोमीटर मार्ग पर आवागमन की समुचित सुविधा नहीं होने की समस्या बताई। उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान मार्ग पर कीचड़ होने से ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत नवीन सड़क निर्माण कराए जाने की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया।

ग्राम गोमलीसात, मोरझरी तहसील थांदला निवासी श्री कसुवा पिता रंगजी डामोर ने शासकीय भूमि के पट्टे से संबंधित विवाद को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदक ने संबंधित पट्टा निरस्त कर भूमि का कब्जा वापस दिलाए जाने की मांग की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण के दस्तावेजों एवं तथ्यों का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

ग्राम रल्यावन तहसील पेटलावद निवासी श्री नराण पिता विजयसिंग खराड़ी ने आवेदन प्रस्तुत कर उनकी पट्टे की भूमि पर अन्य व्यक्तियों द्वारा कब्जे का प्रयास करने तथा विवाद एवं मारपीट किए जाने की शिकायत की। कलेक्टर डॉ. भरसट ने संबंधित एसडीएम को प्रकरण की जांच करने तथा पट्टेदार को उसकी भूमि से बेदखल करने के लिए धमकाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

ग्राम दुधी तहसील रामा निवासी श्री थावरिया पिता नाना मेड़ा ने साहूकार के पास रखे चांदी के जेवरात वापस नहीं मिलने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदक ने बताया कि संबंधित साहूकार की मृत्यु के बाद उसके पुत्र द्वारा जेवरात वापस नहीं किए जा रहे हैं। कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को मामले की जांच कर नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि जनसुनवाई नागरिकों की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारी प्राप्त आवेदनों का केवल औपचारिक निराकरण न करते हुए संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ प्रत्येक प्रकरण का परीक्षण करें। पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ अनावश्यक विलंब के बिना उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने आवेदनों पर की जा रही कार्रवाई की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा आवेदकों को उनके प्रकरण में की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश भी दिए।

जनसुनवाई के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री सी.एस. सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।