सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत 2 से 10 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा कार्यों से जोड़ते हुए स्वच्छता, स्वास्थ्य, वृद्धजनों एवं अनाथ बच्चों की सेवा, नेत्र परीक्षण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, सेवा ज्योति यात्रा, वृक्षारोपण, सैनिकों एवं उनके परिवारों का सम्मान तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान का उद्देश्य सेवा को केवल शासकीय कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे जनभागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़कर जनआंदोलन का स्वरूप देना है। इसके लिए जिला, विकासखंड, नगरीय निकाय एवं ग्राम पंचायत स्तर तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, विभागीय अमले, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं स्थानीय नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से सेवा कार्यों को व्यापक स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
गांधी जयंती पर ‘स्वच्छता ही सेवा’, स्वच्छता कर्मियों का होगा सम्मान
अभियान का शुभारंभ 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ गतिविधि से होगा। इस दौरान स्वच्छता कर्मियों का सम्मान किया जाएगा तथा प्लास्टिक मुक्त परिसर बनाने के लिए सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा। स्वच्छता जागरूकता रैली एवं जनसंवाद के माध्यम से गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण और वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन के संबंध में नागरिकों को जागरूक किया जाएगा।
जल स्रोतों, धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों, शासकीय भवनों, उद्यानों, चौराहों, विद्यालयों, बाजारों, चिकित्सालयों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान किया जाएगा। प्रत्येक वार्ड एवं ग्राम पंचायत में स्वच्छता को निरंतर बनाए रखने के लिए स्थानीय नागरिकों की सहभागिता और जिम्मेदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जाएगा। इस गतिविधि के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान तथा परियोजना अधिकारी, जिला शहरी विकास अभिकरण झाबुआ को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
3 अक्टूबर को स्वास्थ्य शिविरों में जांच, उपचार एवं योजनाओं की मिलेगी जानकारी
3 अक्टूबर को स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। शिविरों में सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श दिया जाएगा। जरूरतमंदों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने तथा गंभीर प्रकरणों को संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों में उपचार के लिए रेफर करने की व्यवस्था की जाएगी।
स्वास्थ्य शिविरों में नागरिकों को पोषण, स्वस्थ जीवनशैली एवं विभिन्न बीमारियों से बचाव के संबंध में जागरूक करने के साथ शासन द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी भी दी जाएगी। इसके लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेटलावद श्रीमती रीतिका पाटीदार एवं जिला चिकित्सा अधिकारी झाबुआ को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
4 अक्टूबर को वृद्धजनों एवं अनाथ बच्चों के बीच पहुंचकर की जाएगी सेवा
4 अक्टूबर को वृद्धाश्रमों एवं अनाथालयों में सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। वृद्धजनों से आत्मीय संवाद कर उनके अनुभव साझा किए जाएंगे तथा भोजन, फल एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श तथा मनोरंजन एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से वृद्धजनों के साथ आत्मीयता एवं सम्मान का भाव मजबूत किया जाएगा।
इसी दिन अनाथालयों में बच्चों के साथ संवाद कर भोजन एवं फल वितरण के साथ कपड़े, जूते-चप्पल, स्टेशनरी एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। बच्चों के लिए खेलकूद, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी तथा उनकी शिक्षा में आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इसके लिए परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग तथा उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग झाबुआ को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
6 अक्टूबर को नेत्र परीक्षण शिविर
6 अक्टूबर को नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नागरिकों की दृष्टि संबंधी समस्याओं की जांच की जाएगी। आवश्यकता के अनुसार जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा तथा गंभीर प्रकरणों में उपचार अथवा ऑपरेशन के लिए संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों से समन्वय कर आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा। जिला चिकित्सा अधिकारी झाबुआ इस गतिविधि के नोडल अधिकारी रहेंगे।
7 अक्टूबर को सभी विकासखंडों में निकलेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा’, स्वास्थ्य शिविर भी होंगे आयोजित
7 अक्टूबर को जिले के समस्त विकासखंडों में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा। गतिविधि के सफल संचालन के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, अपर कलेक्टर जिला झाबुआ एवं जिला चिकित्सा अधिकारी झाबुआ को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
8 अक्टूबर को दिव्यांगजन सशक्तिकरण के लिए होंगी गतिविधियां
8 अक्टूबर को दिव्यांगजन सशक्तिकरण से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। दिव्यांगजनों को कौशल विकास, स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी देने के साथ पात्रतानुसार आवश्यक सामग्री एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाएगा।
प्रतिभावान दिव्यांगजनों का सम्मान, उनके द्वारा निर्मित सामग्री की प्रदर्शनी एवं प्रेरक संवाद के माध्यम से उनकी सामाजिक एवं आर्थिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा। इस गतिविधि के लिए उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग झाबुआ को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
9 अक्टूबर को ‘एक पेड़ मां के नाम’ के साथ हरित भागीदारी, सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों का होगा सम्मान
9 अक्टूबर को वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया जाएगा। स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप पौधों का चयन कर ‘एक पेड़ मां के नाम’, ‘एक व्यक्ति-एक पौधा’ एवं ‘एक परिवार-एक पौधा’ जैसी पहलों को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा। पौधारोपण के साथ रोपित पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर रहेगा।
इसी दिन सैनिकों, पूर्व सैनिकों एवं उनके अभिभावकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राष्ट्रसेवा में उनके योगदान एवं अनुभवों को लेकर आत्मीय संवाद किया जाएगा तथा सैनिक परिवारों की आवश्यकताओं के अनुसार सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। युवाओं में राष्ट्रसेवा, अनुशासन, कर्तव्यबोध एवं देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने के प्रयास किए जाएंगे। इस गतिविधि के लिए अपर कलेक्टर जिला झाबुआ को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
10 अक्टूबर को जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा में समाज बनेगा सहभागी
अभियान के अंतिम दिन 10 अक्टूबर को जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों को स्कूल बैग, पुस्तकें, कॉपियां, स्टेशनरी, यूनिफॉर्म, जूते एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के साथ सक्षम नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं संस्थाओं को जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा में दीर्घकालीन सहयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों की निरंतर शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘एक विद्यार्थी-एक संकल्प’ पहल के माध्यम से सहयोग का संकल्प लिया जाएगा। प्रेरक संवाद एवं मार्गदर्शन के जरिए विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की भावना विकसित की जाएगी। इस गतिविधि के लिए सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग झाबुआ, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला शिक्षा अधिकारी झाबुआ को नोडल अधिकारी बनाया गया है।




