मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने उदयगढ़ स्थित स्वास्थ्य केंद्र एवं मॉडल स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संस्थाओं में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती माथुर ने स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही दवाइयों के स्टॉक का अवलोकन किया तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने तथा आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर ने उदयगढ़ मॉडल स्कूल का निरीक्षण किया। विद्यालय में शौचालय की साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्होंने संबंधित प्राचार्य को नियमित रूप से साफ-सफाई करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली।
कलेक्टर श्रीमती माथुर ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन एवं विषयों की बेहतर तैयारी के संबंध में उपयोगी सुझाव दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक बारीकियों से अवगत कराते हुए लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी श्री मनोज गरवाल सहित संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।






