गांधी जयंती के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत एकलव्य परिसर, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान में कैबिनेट मंत्री श्री नागर सिंह चौहान, क्षेत्रीय सांसद श्रीमती अनिता नागरसिंह चौहान एवं जोबट विधायक श्रीमती सेना महेश पटेल ने सहभागिता करते हुए स्वयं झाड़ू लगाई और आमजनों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आलीराजपुर का संदेश भी दिया गया।
अभियान के दौरान प्लास्टिक मुक्त भारत का संदेश देते हुए नागरिकों से प्लास्टिक का उपयोग कम करने था स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की गई।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री श्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने जिस स्वच्छ और स्वस्थ भारत का सपना देखा था, उसे साकार करना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छता किसी एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हमारी नियमित जिम्मेदारी और जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत हमें अपने घर से करनी होगी और इसके बाद अपने मोहल्ले, गांव और शहर को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। हम स्वयं अपने आसपास गंदगी न करें और दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करें। यही महात्मा गांधी जी के स्वच्छता के विचारों को वास्तविक रूप में अपनाने का सार्थक प्रयास होगा।
मंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्लास्टिक का कम से कम उपयोग कर हम पर्यावरण को सुरक्षित रखने के साथ प्लास्टिक मुक्त भारत के संकल्प में अपना योगदान दे सकते हैं। नागरिक कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालें, गीले एवं सूखे कचरे को अलग रखें तथा सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर ही स्वस्थ नागरिकों की पहचान है। यदि प्रत्येक व्यक्ति यह संकल्प ले कि वह न तो स्वयं गंदगी करेगा और न ही किसी अन्य को गंदगी करने देगा, तो हमारा आलीराजपुर स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर बन सकता है।
वृक्षारोपण के अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण भी हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। अधिक से अधिक पौधे लगाकर और उनकी देखभाल कर हम आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित कर सकते हैं। स्वच्छता और हरियाली एक-दूसरे के पूरक हैं तथा दोनों के लिए समाज की सामूहिक सहभागिता आवश्यक है।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित नागरिकों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अभियान में सहभागिता की। सभी ने स्वच्छता का संकल्प लेकर शपथ भी ग्रहण की।
इस दौरान अपर कलेक्टर श्री सोहन कनास, अनुविभागीय अधिकारी सुश्री निधि मिश्रा, तहसीलदार श्रीमती मंजू डावर,नगर पालिका अधिकारी श्री निशिकांत शुक्ला साहित जिला प्रशासन एवं नगर पालिका के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।




